Wednesday, February 11, 2026
Homeअपराधशराब दुकान पर खूनी विवाद: युवक की हत्या, एक गंभीर घायल, जांच...

शराब दुकान पर खूनी विवाद: युवक की हत्या, एक गंभीर घायल, जांच में जुटी पुलिस…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर जिले में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार तड़के तिफरा शराब दुकान के पास एक दर्दनाक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। सुबह करीब 4 बजे शराब दुकान के बाहर युवकों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला जानलेवा हमले तक पहुंच गया। इस हमले में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत सिम्स अस्पताल ले जाया गया। पूरा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है

जानकारी के अनुसार, मृतक युवक का नाम साहिल खटीक है। वह अपने दोस्त के साथ तिफरा शराब दुकान के पास शराब खरीदने पहुंचा था। उसी दौरान वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों के साथ कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने अचानक धारदार हथियार से साहिल पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए उसके दोस्त पर भी आरोपियों ने वार कर दिया। दोनों युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन गंभीर चोटों और अधिक खून बहने के कारण साहिल ने वहीं दम तोड़ दिया।

आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी की और सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। सिरगिट्टी थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

इस घटना के बाद तिफरा और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब दुकान के पास आए दिन विवाद और झगड़े होते रहते हैं। रात में नशे की हालत में कई बार छोटे-मोटे झगड़े बड़े अपराध में बदल जाते हैं। इलाके के दुकानदारों और मोहल्लेवासियों ने पुलिस से अतिरिक्त सुरक्षा और निगरानी की मांग की है।

फिलहाल, पुलिस ने घटनास्थल के आसपास अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने व शांति बनाए रखने की अपील की है। लेकिन इस वारदात के बाद स्थानीय लोग दहशत में हैं और यह सवाल उठा रहे हैं कि शराब दुकानों के पास बढ़ते अपराधों पर कब लगाम लगेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts