Wednesday, February 11, 2026
Homeअपराधकोयले की खदान में खूनी खेल, ट्रांसपोर्टर की बेरहमी से हत्या, भाजपा...

कोयले की खदान में खूनी खेल, ट्रांसपोर्टर की बेरहमी से हत्या, भाजपा नेता, सब एरिया मैनेजर और थाना प्रभारी पर हत्या का आरोप, हत्या के बाद तोड़फोड़ और तनाव, बाजार बंद…

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एसईसीएल बुडबुड कोल माइंस में कोयला परिवहन को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हुई। इस झड़प में 20-25 लोगों ने मिलकर कोयला ट्रांसपोर्टर रोहित जायसवाल (36) की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

हिंसक झड़प में ट्रांसपोर्टर की हत्या

शुक्रवार रात बुडबुड कोल माइंस में कोयला लोडिंग के दौरान दो ट्रांसपोर्टर गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ। यह विवाद पहले गाली-गलौच से शुरू हुआ और जल्द ही मारपीट और चाकूबाजी में बदल गया, जिसमें रोहित जायसवाल की हत्या कर दी गई।

भाजपा नेता पर हत्या का आरोप, मामला दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिद्धार्थ तिवारी सहित कई थानों के प्रभारी मौके पर पहुंचे। मृतक के भाई अनिल जायसवाल ने बताया कि भाजपा के मंडल अध्यक्ष रोशन सिंह ठाकुर और उसके गुट ने उनके भाई को मारा है। उनके अनुसार, यह विवाद छह महीने से चल रहा था और इस संबंध में पहले भी पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने थाना प्रभारी विनोद सिन्हा पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया है। साथ ही, उन्होंने एसईसीएल के सब एरिया मैनेजर पर भी रोशन सिंह के साथ मिलकर कोयले की हेराफेरी का आरोप लगाया है।

16 आरोपियों पर एफआईआर, तीन गिरफ्तार

पाली पुलिस ने इस मामले में 16 लोगों के खिलाफ हत्या और षड्यंत्र के आरोप में केस दर्ज किया है। इनमें भाजपा नेता रोशन सिंह ठाकुर, उसका भाई, भांजा और एसईसीएल के सब एरिया मैनेजर सुरेंद्र सिंह चौहान शामिल हैं। पुलिस ने रोशन सिंह ठाकुर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

थाना प्रभारी को हटाया गया, पुलिस बल तैनात

घटना के बाद प्रशासन ने पाली थाना प्रभारी विनोद सिन्हा को लापरवाही के कारण लाइन अटैच कर दिया और उनकी जगह दर्री थाना प्रभारी युवराज तिवारी को पाली का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।

पाली में बढ़ा तनाव, बाजार बंद

हत्या के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है। गुस्साए लोगों ने कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की और पाली बंद का ऐलान कर दिया। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

प्रशासन ने की शांति बनाए रखने की अपील

प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts