
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कृषि विकास अधिकारी (बीज निरीक्षक) को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी अधिकारी पर अवैध बीज भंडारण का झूठा आरोप लगाकर कार्रवाई का डर दिखाते हुए पैसे मांगने का आरोप है।

मिली जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के प्रतापपुर निवासी अजीत कुमार कश्यप ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। वह हैदराबाद की कंपनी साईं भव्या सीड्स में एरिया सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत है। कंपनी के बचे हुए धान और मक्का के बीज अंबिकापुर के दरिमा रोड स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में रखे गए थे।

इसी दौरान विकासखंड अंबिकापुर में पदस्थ बीज निरीक्षक सोहन लाल भगत को इसकी जानकारी मिली। आरोप है कि उन्होंने अवैध भंडारण का मामला बनाकर कार्रवाई की धमकी दी और 3 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की।
शिकायत के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया और योजना बनाकर रविवार को कार्रवाई की। जैसे ही आरोपी अधिकारी ने पहली किश्त के रूप में 1 लाख रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
