
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 17 में एक महिला का शव उसके ही किराए के मकान में खून से लथपथ हालत में बरामद हुआ। पुलिस पड़ताल में सामने आया है कि महिला की हत्या उसके रिश्ते के देवर ने ही की है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 35 वर्षीय प्रीति सेमरे के रूप में हुई है। वह दल्लीराजहरा के 100 बिस्तर वाले अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग में स्वीपर के पद पर कार्यरत थी। पति की मौत के बाद उसे जुलाई 2024 में अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। प्रीति अपने 5 वर्षीय बेटे और मां के साथ रहती थी।

घटना के समय घर पर थी अकेली
बताया जा रहा है कि, मंगलवार को प्रीति ड्यूटी कर घर लौटी थी। इसके बाद उसकी मां और बेटा गांव चले गए थे। बुधवार को जब मां वापस घर लौटीं, तो दरवाज़ा बंद मिला। किसी तरह दरवाजा खुलवाने के बाद अंदर का नज़ारा देखकर उनके होश उड़ गए — प्रीति का शव खून से सना पड़ा था। अंदेशा जताया जा रहा है कि हत्या 24 घंटे पहले की गई है।

देवर अमन सेमरे हिरासत में
पड़ोसियों और परिजनों के अनुसार, मृतका का देवर अमन सेमरे अक्सर घर आता-जाता था, खासकर जब घर में मां मौजूद नहीं होती थी। पुलिस ने शक के आधार पर अमन को हिरासत में लिया है और घटनास्थल को सील कर दिया है। फॉरेंसिक टीम की जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि हत्या कैसे की गई और इसकी वजह क्या थी।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है। इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है।
