
सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक निजी स्कूल में छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कक्षा 6वीं के 12 वर्षीय छात्र को पढ़ाई के दौरान डंडे से पीटा गया, जिससे उसके पैरों पर चोट के निशान पड़ गए। परिजनों की शिकायत के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

स्कूल में पिटाई, घर पहुंचा तो दिखे चोट के निशान
मिली जानकारी के अनुसार, घटना प्रतापपुर रोड स्थित होली होम एकेडमी की बताई जा रही है। छात्र के पिता विजय चौधरी ने शिकायत में बताया कि 29 जनवरी को उनका बेटा रोज़ की तरह स्कूल गया था। स्कूल से लौटने के बाद जब परिवार ने उसके पैरों पर सूजन और चोट के निशान देखे, तो बच्चे ने डंडे से पिटाई किए जाने की बात बताई। इसके बाद परिजनों ने उसका इलाज कराया और शिक्षा विभाग से शिकायत की।

तीन सदस्यीय टीम करेगी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए DEO दिनेश झा ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है। इस टीम में —
- मीना पुरोहित, प्राचार्य, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खलिबा
- संजीव कुमार सिंह, प्राचार्य, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरगवां
- अनिता दान, प्राचार्य, सकालो हाई स्कूल
को शामिल किया गया है। टीम को स्कूल जाकर छात्र और उसके परिजनों से मुलाकात कर तथ्य जुटाने और रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
शिक्षा विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला जांच के दायरे में है।
