Wednesday, February 11, 2026
Homeअपराधशराब के लिए हैवानियत: पैसे मांगने से मना किया तो चाकू से...

शराब के लिए हैवानियत: पैसे मांगने से मना किया तो चाकू से किया जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार…

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक सनसनीखेज और चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां शराब के लिए पैसे न देने पर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोपी ने धारदार हथियार से पीड़ित का गला रेतने की कोशिश की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। यह पूरा मामला चांपा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, घायल व्यक्ति की पहचान मंगलूराम यादव (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम बेहराडीह का निवासी है। बताया गया कि 29 दिसंबर की शाम लगभग 4:30 बजे मंगलूराम यादव तालाब की ओर से अपने घर लौट रहा था। उसी दौरान उसका पड़ोसी ओमप्रकाश यादव उसके पास पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगा।

मंगलूराम द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ओमप्रकाश यादव आगबबूला हो गया और गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपने पास रखा चाकू निकाल लिया और मंगलूराम के गले पर जानलेवा हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मंगलूराम गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही काफी ज्यादा खून बहने लगा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल मंगलूराम को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही चांपा थाना पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने तत्काल हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी ओमप्रकाश यादव को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी जब्त कर लिया गया है। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts