Canal body found : जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर – चांपा जिले के सिवनी गांव में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। गांव के पूर्व सरपंच महारथी चौहान के बेटे अर्जुन सिंह चौहान की लाश सड़क किनारे नहर में संदिग्ध हालत में मिली। शव पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना नैला थाना क्षेत्र की है, जहां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है। (Canal body found)
जानकारी के अनुसार, अर्जुन सिंह हरेली पर्व के दिन घर से निकला था और इसके बाद से लापता था। परिजनों ने उसे आसपास के इलाकों में खोजने की काफी कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने सड़क किनारे नहर में शव देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अर्जुन की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन बदहवास हैं और रो-रोकर उनका बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि अर्जुन मिलनसार और शांत स्वभाव का युवक था। ऐसे में उसकी इस तरह संदिग्ध परिस्थिति में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें :- Snakebite in sleep : दो सगी बहनों को सांप ने काटा, छोटी बहन की मौत, बड़ी बहन अस्पताल में भर्ती, गांव में शोक की लहर…
पुलिस का कहना है कि शव पर मिले चोट के निशान प्रथम दृष्टया किसी गहरी साजिश की ओर इशारा कर रहे हैं। फिलहाल हत्या और दुर्घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। इधर, पूरे सिवनी गांव में इस घटना के बाद भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।