
रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam) द्वारा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के अंतर्गत केमिस्ट पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन आगामी रविवार, 21 दिसंबर को किया जा रहा है। इस परीक्षा को लेकर व्यापम ने अभ्यर्थियों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनका पालन करना अनिवार्य होगा।

व्यापम के अनुसार, परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थी 15 दिसंबर से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के लिए अभ्यर्थियों को व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट vyapamcg.cgstate.gov.in पर जाकर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अपने प्रोफाइल लॉगिन पेज में प्रवेश करना होगा। व्यापम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि प्रवेश पत्र डाक के माध्यम से नहीं भेजे जाएंगे, इसलिए सभी अभ्यर्थी समय रहते स्वयं ही प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें।

परीक्षा के दिन सभी परीक्षार्थियों को कम से कम दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र में उपस्थित होना अनिवार्य होगा। इस दौरान मूल पहचान पत्र के माध्यम से अभ्यर्थियों की पहचान की जाएगी तथा सुरक्षा जांच एवं फ्रिस्किंग के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। व्यापम ने यह भी सलाह दी है कि अभ्यर्थी परीक्षा से एक दिन पहले ही अपने परीक्षा केंद्र की भौगोलिक स्थिति से भली-भांति परिचित हो जाएं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। प्रवेश पत्र पर अंकित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

व्यापम ने निर्देश दिया है कि अभ्यर्थी प्रवेश पत्र के सभी पृष्ठों का प्रिंट आउट लें और प्रत्येक पेज केवल एक ही तरफ प्रिंट करें, क्योंकि परीक्षा केंद्र में प्रवेश पत्र की प्रति जमा की जाएगी। साथ ही, पहचान पत्र के रूप में मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या फोटो युक्त आधार कार्ड में से कोई एक मूल पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। मूल पहचान पत्र के अभाव में परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
परीक्षा का समय सुबह 11:00 बजे निर्धारित है। परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पहले यानी 10:30 बजे मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा कक्ष से पहले आधे घंटे और अंतिम आधे घंटे में बाहर जाने की अनुमति भी नहीं होगी।
परीक्षा के दौरान ड्रेस कोड को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा देने जाना होगा। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना प्रतिबंधित रहेगा। ठंड को देखते हुए केवल साधारण स्वेटर (बिना पॉकेट) की अनुमति दी गई है, जिसे सुरक्षा जांच के दौरान उतारकर जांच कराना होगा। स्वेटर के रंग और आस्तीन को लेकर कोई प्रतिबंध नहीं होगा।
इसके अलावा, कान में किसी भी प्रकार का आभूषण पहनना वर्जित है। परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी या किसी भी प्रकार का संचार उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। निर्देशों का उल्लंघन करने पर अभ्यर्थी को परीक्षा से वंचित किया जा सकता है।
व्यापम ने यह भी कहा है कि चयन या प्रवेश के समय प्रवेश पत्र की मांग की जा सकती है, इसलिए अभ्यर्थी प्रवेश पत्र को सुरक्षित रखकर रखें। परीक्षा में किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी और अभ्यर्थिता समाप्त कर दी जाएगी।
धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को सामान्य समय से पहले परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। ऐसे अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ेगा, जिसके बाद ही परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी।
यदि किसी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र या प्रवेश पत्र से संबंधित किसी प्रकार की समस्या होती है, तो वे हेल्पलाइन नंबर 0771-2972780 अथवा मोबाइल नंबर 8269801982 पर प्रातः 10 बजे से सायं 5:30 बजे तक संपर्क कर सकते हैं। व्यापम ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे जारी निर्देशों का गंभीरता से पालन करें और समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचकर परीक्षा प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करें।

