Tuesday, February 10, 2026
HomeअपराधCG Road Accident: छत्तीसगढ़ में सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत;...

CG Road Accident: छत्तीसगढ़ में सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत; ट्रेलर हादसे के बाद ड्राइवर जिंदा जला..! मेला देखकर लौट रहे मामा-भांजे समेत 3 की गई जान..! तेज रफ्तार पिकअप ने युवक को रौंदा..!

राजनांदगांव/सुरजपुर/जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बीते 24 घंटों में प्रदेश के तीन अलग-अलग जिलों में हुए भीषण सड़क हादसों में कुल 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हादसों की वजह कहीं रॉन्ग साइड ड्राइविंग तो कहीं तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आई है।

जांजगीर-चांपा: ट्रेलरों की भिड़ंत, ड्राइवर जिंदा जला

पहला मामला जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र का है। अकलतरा-बलौदा मुख्य मार्ग पर कोटगढ़ के पास 8 फरवरी की सुबह करीब 5 बजे तीन ट्रेलरों के बीच आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों वाहनों में आग लग गई। आग की चपेट में आने से एक ट्रेलर चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मृतक की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

राजनांदगांव: मेला देखकर लौट रहे मामा-भांजों की मौत

दूसरी दर्दनाक घटना राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र की है। दुर्ग जिले के ग्राम धनीद निवासी सूरज यादव (24) अपनी बहन के घर ग्राम जराही आया हुआ था।

7 फरवरी की शाम सूरज अपने भांजों के साथ थनौद गांव से मड़ई मेला देखकर बाइक से लौट रहा था। इसी दौरान धनांश इंजीनियरिंग स्टील कंपनी के सामने एक ट्रक चालक ने अचानक वाहन मोड़ दिया। बाइक ट्रक में जा घुसी।

हादसे में सूरज यादव और उसके दो भांजों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल यादव (11) और ईशान यादव (8) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस को घटनास्थल से बाइक के पास शराब की बोतल भी मिली है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।

सूरजपुर: तेज रफ्तार पिकअप ने दो बाइकों को मारी टक्कर

तीसरी घटना सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र की है। बैकुंठपुर रोड पर सूतिया नाला के पास 7 फरवरी की रात धान से लदी तेज रफ्तार पिकअप ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने पिकअप चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 लापरवाही बनी जानलेवा

इन तीनों हादसों ने एक बार फिर रफ्तार, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और यातायात नियमों की अनदेखी के खतरनाक परिणाम सामने रख दिए हैं। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts