
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार सुबह कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों की टीम के साथ हाई कोर्ट पहुंचे। पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, वहीं बम स्क्वॉड की टीम परिसर के हर कोने की गहन तलाशी में जुटी हुई है।

कोर्ट परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। सुरक्षा बलों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आने-जाने वाले सभी लोगों पर पैनी नजर रखनी शुरू कर दी।बताया जा रहा है कि सुबह मिले ई-मेल में हाई कोर्ट परिसर को निशाना बनाने की बात लिखी गई थी। इसके बाद पुलिस, साइबर सेल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को सक्रिय कर दिया गया। फिलहाल ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए सर्वर, आईपी एड्रेस और डिजिटल ट्रेल की जांच की जा रही है।
पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां
गौरतलब है कि बीते कुछ महीनों में देश के अलग-अलग राज्यों के उच्च न्यायालयों और जिला अदालतों को इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भी ऐसे मामले सामने आए, हालांकि जांच के बावजूद अब तक स्पष्ट तौर पर आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है।
सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं
अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक हाई कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम बने रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।
