
रायपुर। बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एनडीए की बिहार में सरकार बनने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनके 11 साल के विकास कार्यों पर जनता का भरोसा है, इसलिए बिहार में भी एनडीए की सरकार बनेगी। सीएम साय ने कहा, “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास—यह हमारा मूल मंत्र है। बिहार की जनता भी विकास चाहती है, इसलिए सरकार हमारी ही बनेगी।”

सीएम ने मंत्रालय में आयोजित दो दिवसीय कलेक्टर कॉन्फ्रेंस के पहले दिन की समीक्षा की। इसमें प्रदेश के मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, विभागीय सचिव, सामुदायिक आयुक्त, सभी जिलों के कलेक्टर और जिला पंचायत के सीईओ मौजूद थे। लगभग 9 घंटे तक विभिन्न विभागों की योजनाओं और उनके कार्यान्वयन पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने धान खरीदी पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर से शुरू होकर 31 जनवरी तक किसानों का धान समय पर और बिना परेशानी के खरीदा जाएगा। पिछले साल की तरह इस साल भी किसानों को उनके धान का भुगतान समय पर किया जाएगा।

इसके अलावा, उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना पर चर्चा करते हुए बताया कि उपभोक्ताओं को आधी बिजली से मुफ्त बिजली तक पहुंचाने का लक्ष्य है। इस योजना में सरकार द्वारा सब्सिडी दी जा रही है और बैंक लोन भी आसानी से उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई अन्य योजनाओं पर भी विस्तार से विचार हुआ और उन्हें तेजी से लागू किया जाएगा।
सीएम साय ने दो दिवसीय कलेक्टर कॉन्फ्रेंस को छत्तीसगढ़ के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया और कहा कि यह राज्य हित में अत्यंत लाभकारी साबित होगा।
