
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शुक्रवार को एक हृदयविदारक घटना घटित हुई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित रिसदी तालाब में नहाने गए तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे पुलिस लाइन में मातम का माहौल है।

जानकारी के अनुसार मृतकों में युवराज सिंह ठाकुर (9), आकाश लकड़ा (13) और प्रिंस जगत (12) शामिल हैं। तीनों बच्चे आपस में गहरे दोस्त थे और पुलिस लाइन में ही रहते थे। उनके पिता पुलिस विभाग से जुड़े हुए हैं— युवराज के पिता राजेश्वर ठाकुर सिविल लाइन थाने में पदस्थ हैं, आकाश के पिता जोलसा लकड़ा पुलिसकर्मी हैं जबकि प्रिंस के पिता दिवंगत अयोध्या जगत भी पुलिस लाइन से जुड़े रहे हैं।

शुक्रवार को तीनों बच्चे तालाब में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से वे डूबने लगे और बाहर नहीं निकल सके। सूचना मिलने पर कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू शुरू कराया गया। लेकिन तब तक तीनों मासूमों की सांसें थम चुकी थीं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रिसदी तालाब गहरा है और यहां पहले भी डूबने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था की कमी बनी हुई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बच्चों को बिना निगरानी तालाब या नदी-नालों के पास न जाने दें।
तीनों मासूमों की असमय मौत से पुलिस लाइन ही नहीं, पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। परिजन गहरे सदमे में हैं और माहौल गमगीन है।
