Wednesday, February 11, 2026
Homeअन्य खबरेचिलम, कमीशन और वर्दी, बिलासपुर के वनपाल का गांजा पीते VIDEO वायरल,...

चिलम, कमीशन और वर्दी, बिलासपुर के वनपाल का गांजा पीते VIDEO वायरल, सिस्टम पर उठे बड़े सवाल…!

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार और अनुशासन पर सख्ती के सरकारी दावों के बीच वन विभाग से जुड़ा एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने न सिर्फ विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि प्रशासन की साख को भी कठघरे में ला खड़ा किया है। वीडियो में एक वर्दीधारी वनपाल खुलेआम नशा करते हुए नजर आ रहा है, जो सरकारी सेवा और वर्दी की मर्यादा को सरेआम तार-तार करता दिख रहा है।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि वनपाल पूरे आत्मविश्वास के साथ नशे का सेवन कर रहा है। इतना ही नहीं, वह अपने साथ बैठे चौकीदार और अन्य लोगों को भी नशा करवाता नजर आ रहा है। वीडियो में वनपाल के हाथ में चिलम साफ दिखाई दे रही है और वह खुद कश बनाकर चौकीदार को पिलाता हुआ दिखाई देता है। यह पूरा दृश्य किसी निजी स्थान पर नहीं, बल्कि विभागीय अनुशासन और जिम्मेदारी को ठेंगा दिखाने वाला प्रतीत होता है।

सूत्रों के अनुसार, वीडियो में नजर आ रहा व्यक्ति रतनपुर में पदस्थ वनपाल चंदन सिंह बताया जा रहा है। वीडियो में वह केवल नशा करता ही नहीं दिख रहा, बल्कि विभाग के भीतर कथित कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार को लेकर भी खुलकर बातें करता सुनाई दे रहा है। इन बातों ने मामले को और गंभीर बना दिया है, क्योंकि इससे वन विभाग के अंदर चल रही कथित अनियमितताओं की पोल खुलती नजर आ रही है।

वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर लोग इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और सवाल उठा रहे हैं कि जब वर्दीधारी अधिकारी ही कानून और नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाएंगे, तो आम जनता से अनुशासन की उम्मीद कैसे की जा सकती है। कई लोग दोषी के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई और निलंबन की मांग कर रहे हैं।

फिलहाल यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और अब सबकी निगाहें वन विभाग और जिला प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। यह देखना अहम होगा कि विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और क्या दोषी वनपाल पर कोई ठोस कार्रवाई होती है, या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts