Saturday, March 28, 2026
Homeअपराधमंत्री पर टिप्पणी पड़ी भारी! सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो पर कई...

मंत्री पर टिप्पणी पड़ी भारी! सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो पर कई थानों में एफआईआर…! पढ़िए क्या है पूरा मामला, आखिर क्यों हुआ दर्ज FIR…!

सरगुजा। छत्तीसगढ़ में सोशल मीडिया के जरिए सक्रिय एक महिला यूट्यूबर का वीडियो राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है। कृषि मंत्री और उत्तर छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आदिवासी नेता रामविचार नेताम पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में यूट्यूबर आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।

मंत्री समर्थकों की शिकायत पर रामानुजगंज और बैकुंठपुर थाना में अलग-अलग धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। इसके अलावा अंबिकापुर कोतवाली समेत उत्तर छत्तीसगढ़ के कुल आठ थानों में शिकायतें दर्ज कराई गई थीं, जिनमें कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।

पुलिस के अनुसार, रामानुजगंज थाने में BNS की धारा 296 और 353(2) जबकि बैकुंठपुर थाने में 336(4), 351(2), 353(2) और 356(1) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

क्या है पूरा विवाद?

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में आकांक्षा टोप्पो ने मंत्री रामविचार नेताम पर तीखी टिप्पणी की है। वीडियो में एक कथित ऑडियो क्लिप भी सुनाई देती है, जिसमें मंत्री और एक ग्रामीण के बीच फोन पर बातचीत बताई जा रही है। ऑडियो में मंत्री द्वारा ग्रामीण को बार-बार कॉल करने पर फटकार लगाने की आवाज सुनाई देती है।

इस ऑडियो को दिखाने के बाद यूट्यूबर ने वीडियो में मंत्री के व्यवहार पर सवाल उठाए और मुख्यमंत्री को सलाह देते हुए टिप्पणी की, जिसे मंत्री समर्थकों ने अभद्र, आपत्तिजनक और राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताया है।

समर्थकों का आरोप

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि आकांक्षा टोप्पो सोशल मीडिया पर व्यूज और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए जनप्रतिनिधियों को जानबूझकर निशाना बनाती हैं। उनका आरोप है कि इस तरह की टिप्पणियों से न सिर्फ व्यक्तिगत छवि को ठेस पहुंचती है, बल्कि समाज और राजनीति में गलत संदेश जाता है। मंत्री समर्थकों ने चेतावनी दी है कि जब तक इस मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

यह पहला मौका नहीं है जब आकांक्षा टोप्पो विवादों में आई हों। इससे पहले महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और विधायक रामकुमार टोप्पो पर टिप्पणी को लेकर भी उनके खिलाफ शिकायत दर्ज हुई थी। उस मामले में सीतापुर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर मुचलके पर रिहा किया था।

सोशल मीडिया पर गरमाया माहौल

विवादित वीडियो फिलहाल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर उत्तर छत्तीसगढ़ में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts