छत्तीसगढ़ में पुलिस भर्ती घोटाला: आरक्षक ने आत्महत्या कर खोला राज, हाथ पर लिखा सुसाइड नोट/
राजनांदगांव में पेड़ से लटकी मिली आरक्षक की लाश/
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के रामपुर घोरदा इलाके में एक पुलिस आरक्षक अनिल रत्नाकर ने आत्महत्या कर ली। उसका शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
हथेली पर लिखा सुसाइड नोट, भर्ती घोटाले का बड़ा खुलासा
आरक्षक के हाथ पर लिखे सुसाइड नोट ने खैरागढ़ पुलिस भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी की ओर इशारा किया। नोट में लिखा था, भर्ती ड्यूटी में कर्मचारियों को फंसाया जा रहा है, अधिकारियों को बचाया जा रहा है।
जांच के दायरे में 14 संदेही, अधिकारियों पर गिर सकती है गाज
मृतक खैरागढ़ में तैनात था, जहां भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं के चलते 14 लोगों की जांच चल रही थी। आत्महत्या के इस कदम से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
मामले की जांच जारी, बड़े खुलासे की संभावना
पुलिस इस मामले में गहराई से जांच कर रही है। माना जा रहा है कि यह घटना पुलिस विभाग में उच्च अधिकारियों की भूमिका पर सवाल खड़े कर सकती है।
जानिए क्या था पूरा मामला
दरअसल, राजनांदगांव संभाग स्तर की पुलिस भर्ती प्रक्रिया के प्रथम चरण में अभ्यार्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा 16 दिसम्बर से जारी है। भर्ती प्रक्रिया के लिए पुलिस मुख्यालय स्तर पर बाहर से टेकनिकल टीम पहुंची है, जिनके द्वारा इलेक्ट्रॉनिक डीवाइज लगाकर टेकनिकल कार्य किया जा रहा है। साथ ही भर्ती प्रक्रिया में अलग-अलग इवेंट के लिए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम की ड्यूटी भी लगाई गई है। एएसपी, डीएसपी स्तर के अधिकारियों द्वारा बूथ की चैकिंग की गई। इस दौरान भर्ती प्रक्रिया में बड़ी गड़बड़ी की बात सामने आई, जिसके बाद पुलिस के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। एसपी ने आनन-फानन में थाने में अपराध दर्ज कराई। लालबाग थाने में अपराध क्रमांक 568/24 धारा 318 4, 338, 336 3, 340 2, बीएनएस पंजीबद्ध किया गया।