Saturday, March 28, 2026
Homeअपराधजिले में फिर बढ़ा अपराध ग्राफ: डेयरी संचालक से 1 लाख की...

जिले में फिर बढ़ा अपराध ग्राफ: डेयरी संचालक से 1 लाख की लूट, नकाबपोश बदमाशों ने चाकू की नोक पर छीना बैग, जांच में जुटी पुलिस…

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर में चोरी, डकैती, अपहरण और हत्या जैसी वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। इसी बीच बुधवार देर शाम एक और बड़ी घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंदिर हसौद इलाके में नकाबपोश लुटेरों ने एक डेयरी संचालक से ₹1.08 लाख की लूट को अंजाम दिया और फरार हो गए।

मंदिर हसौद ओवरब्रिज के पास वारदात

जानकारी के अनुसार, मंदिर हसौद निवासी कामेश यादव डेयरी का संचालन करते हैं। रोज की तरह बुधवार, 29 अक्टूबर की शाम को वे दिनभर की कमाई का बैग लेकर घर लौट रहे थे। तभी मंदिर हसौद ओवरब्रिज के पास बाइक सवार तीन नकाबपोश युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।

चाकू की नोक पर लूटा बैग

बताया जा रहा है कि लुटेरों ने कामेश यादव को धमकाते हुए चाकू दिखाया और उनसे पैसों से भरा बैग छीन लिया। बैग में करीब ₹1,08,000 नकद थे। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश तेज रफ्तार से बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

घटना से इलाके में दहशत, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। फिलहाल लुटेरों की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts