
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। एक युवक ने शादीशुदा महिला का अपहरण कर उसे तीन दिनों तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।मामला महिला थाना क्षेत्र का है। आरोपी की पहचान भगवानपुर निवासी दीपक दास मानिकपुरी (29) के रूप में हुई है। वहीं पीड़िता की उम्र 26 वर्ष बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता की सहेली के जरिए उसकी आरोपी से पहचान हुई थी। बाद में सहेली ने आरोपी से बातचीत बंद कर दी, तो वह महिला को फोन कर परेशान करने लगा। बात न करने पर आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया।

28 नवंबर की शाम जब महिला काम से घर लौट रही थी, तभी आरोपी ने रास्ते में उसे चाकू दिखाकर जबरन पकड़ लिया। पहले उसे स्कूल के बाथरूम के पीछे ले जाकर दुष्कर्म किया और फिर अपने किराए के मकान में ले जाकर तीन दिनों तक बंधक बनाए रखा। इस दौरान आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी देता रहा।
किसी तरह मौका पाकर पीड़िता भागकर अपने घर पहुंची और पति को पूरी घटना बताई। इसके बाद दोनों ने महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, अपहरण और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
