
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सरेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने गैस ऑफिस में घुसकर डिलीवरी बॉय की जमकर पिटाई कर दी। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित राजा अग्रवाल ने चक्रधरनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 11 मार्च को वह अपने ऑटो से दुर्गा मंदिर के सामने स्थित प्रियदर्शनी एचपी गैस ऑफिस से सिलेंडर की होम डिलीवरी करने जा रहा था। इस दौरान सुभाष चौक के पास उसकी मोटरसाइकिल सवार युवक से साइड देने को लेकर मामूली कहासुनी हो गई।

बताया जा रहा है कि विवाद के बाद राजा अग्रवाल अपने काम पर निकल गया, लेकिन मोटरसाइकिल सवार युवक उसका पीछा करते हुए गैस ऑफिस तक पहुंच गया। वहां ऑफिस के अंदर घुसकर उसने गाली-गलौज करते हुए राजा अग्रवाल के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।
ऑफिस में मौजूद कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह आरोपी को बाहर किया। इस दौरान आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि उसके खिलाफ शिकायत कर दो, उसका नाम रिहान खान है और कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। घटना के बाद सहकर्मियों की सलाह पर पीड़ित ने चक्रधरनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रिहान खान (23 वर्ष), निवासी छोटे अतरमुड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115 और 333 के तहत अपराध दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपी ने गैस ऑफिस में घुसकर मारपीट करने की बात भी स्वीकार कर ली है।
एसएसपी शशि मोहन ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट और गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
