Wednesday, February 11, 2026
Homeअपराधडिप्टी सीएम का सख्त रुख: गृह मंत्री विजय शर्मा ने मीडिया के...

डिप्टी सीएम का सख्त रुख: गृह मंत्री विजय शर्मा ने मीडिया के सामने किया बड़ा ऐलान, बोले— सस्पेंड कर जांच की जाएं…

बिलासपुर/रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में तत्कालीन एएसपी राजेंद्र जायसवाल से जुड़े वसूली और धमकी के कथित वीडियो मामले पर राज्य के गृह मंत्री एवं डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित अधिकारी को निलंबित कर निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि इस प्रकरण में प्रारंभिक तथ्यों को देखते हुए तत्काल एएसपी को सस्पेंड किया जाना चाहिए और पूरे मामले की गहन जांच होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, बिलासपुर के पूर्व तथा वर्तमान में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पदस्थ एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल का एक वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो को लेकर एक स्पा संचालक ने गंभीर आरोप लगाते हुए बिलासपुर रेंज आईजी से शिकायत की थी। संचालक का आरोप है कि उसे कार्यालय बुलाकर लेन-देन के मामले में दबाव बनाया गया और धमकियां दी गईं।

वीडियो सामने आने के बाद बिलासपुर संभाग के आईजी ने मामले की जांच के आदेश दिए और बिलासपुर एसएसपी को जांच अधिकारी नियुक्त किया। एसएसपी को वायरल वीडियो और संबंधित चैट की जांच कर सात दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी बीच, राज्य सरकार ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल एएसपी के निलंबन के निर्देश जारी कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts