Wednesday, February 11, 2026
Homeअपराधडबल मर्डर से सनसनी: डेम में तैरते मिली दो युवकों के लाश,...

डबल मर्डर से सनसनी: डेम में तैरते मिली दो युवकों के लाश, इलाके में दहशत, 12 दिन से लापता थे युवक, अब डेम में मिली लाशें: हत्या कर शव छुपाने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस…

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर उनके शव डेम में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। डेम में एक साथ दो शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में खलबली मच गई और तत्काल टीम मौके पर रवाना की गई।

यह घटना थाना तुमला क्षेत्र के अंतर्गत चौकी कोल्हेनझरिया की है। जानकारी के अनुसार ग्राम सेरमाटोली निवासी दो युवक—विलियम कुजूर और दिलीप खड़िया—की लाशें कोल्हेनझरिया–कागजपुड़ा डेम में तैरती हुई पाई गईं। स्थानीय लोगों ने जब डेम में शव देखे तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को डेम से बाहर निकलवाया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक दोनों युवक बीते 12 दिसंबर से लापता थे। परिजनों द्वारा उनकी गुमशुदगी को लेकर पहले ही चिंता जताई जा चुकी थी। अब शव मिलने के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस का मानना है कि यह केवल हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला हो सकता है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने पहले दोनों युवकों की हत्या की और फिर सबूत मिटाने के इरादे से शवों को डेम में छुपाने का प्रयास किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अलग-अलग एंगल से मामले की जांच कर रही है, जिसमें आपसी रंजिश, लेन-देन या अन्य विवाद की भी पड़ताल की जा रही है।

इस पूरे घटनाक्रम की जांच एसडीओपी पत्थलगांव धुर्वेश कुमार जायसवाल के मार्गदर्शन में की जा रही है। थाना प्रभारी तुमला कोमल नेताम और चौकी प्रभारी कोल्हेनझरिया सहायक उप निरीक्षक टेकराम सारथी भी मौके पर मौजूद रहकर जांच में जुटे हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल जशपुर जिले में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है और लोग पुलिस की आगामी कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts