
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल तातापानी में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नशे में धुत एक युवक ने सार्वजनिक स्थान पर जमकर उत्पात मचाया। युवक राह चलते लोगों पर पत्थर फेंकता रहा और लगातार जान से मारने की धमकियां देता रहा, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़कर रस्सी से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी। इसी दौरान मौके पर पहुंची पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने भी युवक को काबू में करने के लिए डंडों का इस्तेमाल किया। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
11 दिसंबर की बताई जा रही है घटना
वायरल वीडियो 11 दिसंबर का बताया जा रहा है, जिसमें युवक खुद को अमित बताते हुए नशे की हालत में गाली-गलौज करता और लोगों को अंजाम भुगतने की धमकी देता नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक युवक मंदिर परिसर और आसपास से गुजर रहे श्रद्धालुओं व राहगीरों को निशाना बना रहा था।
पुलिस ने चौकी ले जाकर छोड़ा
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों से अपने कब्जे में लेकर तातापानी चौकी ले गई। पुलिस के अनुसार युवक काफी देर तक उग्र बना रहा, जिसे नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। बाद में उसकी हालत सामान्य होने पर उसे छोड़ दिया गया।
चौकी प्रभारी ने की पुष्टि
तातापानी चौकी प्रभारी एसआई उमेश सिंह ने वायरल वीडियो की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक झारखंड के गढ़वा जिले का रहने वाला है और नशे की हालत में सार्वजनिक शांति भंग कर रहा था। उन्होंने बताया कि किसी भी पक्ष से लिखित शिकायत नहीं मिलने के कारण युवक के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।
