
रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर से एक अहम प्रशासनिक खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने गंभीर आरोपों के मद्देनज़र डीएसपी कल्पना वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।

मामला कारोबारी दीपक टंडन की शिकायत से जुड़ा है। टंडन ने डीएसपी पर निजी संबंधों का फायदा उठाकर पैसे लेने और संवेदनशील जानकारी लीक करने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत मिलने के बाद की गई प्रारंभिक जांच में मामले को गंभीर पाया गया, जिसके आधार पर शासन ने निलंबन का आदेश जारी किया।

जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान कल्पना वर्मा का मुख्यालय पुलिस मुख्यालय या शासन द्वारा निर्धारित स्थान रहेगा। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

सरकार ने संकेत दिए हैं कि मामले की आगे विस्तृत जांच की जाएगी, जिसके आधार पर आगामी कार्रवाई तय होगी।

