Sunday, March 29, 2026
Homeअपराधफिर ED की दबिश: बिलासपुर के बड़े कारोबारी ग्रुप पर रेड, दो...

फिर ED की दबिश: बिलासपुर के बड़े कारोबारी ग्रुप पर रेड, दो गाड़ियों में पहुंची ED की टीम, ग्रुप के डिजिटल और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाले जा रहे…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एक और बड़ी कार्रवाई ने हलचल मचा दी है। तड़के सुबह ED की टीम ने प्रदेश के कई कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। बिलासपुर में भी यह कार्रवाई देखने को मिली, जहां मीनाक्षी सेल्स सुल्तानिया ग्रुप के क्रांति नगर स्थित दफ्तर और ठिकानों पर अधिकारी पहुंचे। सुबह लगभग 6 बजे दो गाड़ियों में आई टीम ने पूरे परिसर को अपने घेरे में लिया और वहां मौजूद कर्मचारियों एवं कारोबार से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू की।

जानकारी के मुताबिक मीनाक्षी सेल्स सुल्तानिया ग्रुप कोयला, सीमेंट, सरिया, स्टील और ट्रेडिंग के कारोबार से जुड़ा हुआ है और लंबे समय से बड़े स्तर पर व्यापार करता आ रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ED की रेड किस मामले में की गई है, लेकिन शुरुआती अटकलें यही हैं कि मामला मनी लॉड्रिंग या अवैध लेन-देन से जुड़ा हो सकता है। केंद्रीय एजेंसियां बीते कुछ वर्षों से छत्तीसगढ़ में कोयला, शराब और अन्य कारोबार से संबंधित गड़बड़ियों की जांच लगातार कर रही हैं, और माना जा रहा है कि ED को हाल ही में इस ग्रुप से जुड़े किसी संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिली है।

स्थानीय सूत्रों का कहना है कि ED अधिकारियों ने छानबीन के दौरान ग्रुप के वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज, कंप्यूटर और डिजिटल रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिए हैं। मौके पर मौजूद कर्मचारियों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। साथ ही टीम ग्रुप से जुड़े अन्य कारोबारियों के भी संपर्क में है और कई जगहों पर कार्रवाई समानांतर चल रही है।

हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर अब तक न तो ED की ओर से कोई आधिकारिक बयान दिया गया है और न ही ग्रुप की तरफ से कोई प्रतिक्रिया आई है। लेकिन जिस तरीके से इस रेड को अंजाम दिया गया है, यह साफ है कि एजेंसी के पास ठोस इनपुट है और आगे इस मामले में बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल बिलासपुर समेत अन्य जिलों में ED की कार्रवाई जारी है और सभी की निगाहें आने वाले अपडेट्स पर टिकी हुई हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts