Friday, March 27, 2026
HomeअपराधExclusive Video : रईसजादों की पार्टी ने खोले कई राज... कैश, ड्रग्स...

Exclusive Video : रईसजादों की पार्टी ने खोले कई राज… कैश, ड्रग्स और अय्याशी का काला खेल… नशे की गिरफ्तार में प्रदेश के न जाने कितने युवा… आखिर कर क्या रही है पुलिस…???

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े एक आपत्तिजनक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस ने तेज़ी से कार्रवाई करते हुए महज़ 24 घंटे के भीतर 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। यह संयुक्त कार्रवाई न्यू राजेंद्र नगर थाना और क्राइम ब्रांच की टीम द्वारा की गई है। वायरल वीडियो अमलीडीह इलाके का बताया जा रहा है, जिसमें युवक और युवती ड्रग्स, नकदी और मोबाइल फोन के साथ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आते ही शहर में हड़कंप मच गया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और संबंधित स्थान की पहचान कर छापेमारी की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, न्यू राजेंद्र नगर थाना प्रभारी नरेंद्र मिश्रा और क्राइम ब्रांच प्रभारी सचिन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पराग बरछा, नागपुर निवासी शुभम, पीहू सोनी सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 10 ग्राम ड्रग्स बरामद किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो करीब 17 सेकेंड का है। इसमें एक युवक मोबाइल पर बात करता नजर आ रहा है, जबकि एक युवती वीडियो बनाते हुए गाली-गलौज करती दिखाई दे रही है। वीडियो में टेबल पर मोबाइल फोन, नकदी और ड्रग्स की करीब 19 लाइनें साफ नजर आ रही हैं। इन लाइनों के पास रखा एक क्रेडिट कार्ड इस बात की ओर इशारा करता है कि उसका इस्तेमाल ड्रग्स को लाइन में लगाने के लिए किया गया होगा।

पुलिस को आशंका है कि जब्त किया गया नशा एमडीएमए या कोकीन हो सकता है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो खुद युवती द्वारा बनाया गया था, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी सख्त रुख अपनाया और जांच के साथ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजधानी में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रायपुर में बीते कुछ महीनों से नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 89 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इससे पहले भी इसी तरह के मामलों में 79 आरोपियों को जेल भेजा गया था और करोड़ों रुपये का नशीला पदार्थ जब्त किया गया था।प्रारंभिक जांच में जब्त ड्रग्स के एमडीएमए (मेफेड्रोन/एक्सटेसी) होने की संभावना जताई जा रही है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 15 हजार रुपये प्रति ग्राम बताई जाती है। यह नशा युवाओं में तेजी से फैल रहा है और अधिक मात्रा में सेवन जानलेवा हो सकता है।

फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि राजधानी में नशे के कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts