बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां कोटा नगर के वार्ड नंबर 9 में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बताया जा रहा है कि, शराब के नशे में धुत एक सौतेले पिता ने अपने ही बेटे को टंगिया मारकर हत्या कर दी। जबकि बेटे को बचाने आई पत्नी को भी बेरहमी से घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोटा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 9 में रहने वाले चोहन यादव और उसके परिवार में अक्सर विवाद होते रहते थे। वहीं शनिवार को भी किसी बात पर विवाद शुरू हुई, जो इतना बढ़ गई कि 65 वर्षीय चोहन यादव ने अपने 26 वर्षीय सौतेले बेटे लखन घसिया पर टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल लखन की मौके पर ही मौत हो गई।
हंगामा सुनकर जब मां कमला यादव बीच-बचाव करने पहुंची, तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। नशे में धुत चोहन यादव को पुलिस निगरानी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।