Sunday, March 15, 2026
Homeअपराधकिराए के मकान में मिली बाप-बेटे की लाश, जहर खाकर आत्महत्या की...

किराए के मकान में मिली बाप-बेटे की लाश, जहर खाकर आत्महत्या की आशंका, इलाके में सनसनी, 6 महीने पहले हुई थी मां की मौत..! जांच में जुटी पुलिस…

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक किराए के मकान में पिता और बेटे की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दोनों के जहर खाकर आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

मृतकों की पहचान अरुण टंडिया (70) और उनके बेटे पंकज टंडिया (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों कुछ महीने पहले ही भोईपारा इलाके में किराए के मकान में रहने आए थे। इससे पहले वे शहर के किसी अन्य इलाके में रहते थे।

देर तक नहीं खुला दरवाजा, पड़ोसियों को हुआ शक

जानकारी के अनुसार पिता और बेटा घर में अकेले रहते थे। शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को शक हुआ। लोगों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद स्थानीय पार्षद को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया। कमरे के अंदर पिता और बेटे के शव पड़े मिले। दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

बाथरूम से मिली जहर की शीशी

जांच के दौरान पुलिस को बाथरूम से जहर की एक शीशी बरामद हुई है। इससे आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने जहर खाकर आत्महत्या की है। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों और मकान मालिक से पूछताछ कर रही है।

आर्थिक तंगी और बीमारी से थे परेशान

पड़ोसियों के मुताबिक अरुण टंडिया उम्रदराज होने के कारण अधिकतर समय घर पर ही रहते थे, जबकि उनका बेटा पंकज मजदूरी कर घर का खर्च चलाता था। पंकज की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही थी और उसे मिर्गी की बीमारी थी, जिसके कारण वह अक्सर परेशान रहता था।

6 महीने पहले हुई थी मां की मौत

स्थानीय लोगों ने बताया कि पंकज की मां की करीब छह महीने पहले मौत हो गई थी। इसके बाद पिता और बेटा दोनों अकेले रह रहे थे। घर में खाना बनाने की व्यवस्था नहीं थी, इसलिए रोज टिफिन सेंटर से खाना आता था। शुक्रवार शाम पंकज टिफिन लेकर घर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि रात में खाना खाने के बाद दोनों ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद शनिवार सुबह तक दरवाजा नहीं खुला।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में आर्थिक तंगी और बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या की आशंका सामने आई है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक अरुण टंडिया की बेटी जगदलपुर में रहती है। उसके दुर्ग पहुंचने के बाद रविवार को दोनों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts