Saturday, March 28, 2026
HomeअपराधKTM सवार लुटेरों का खौफ: ढाबे के सामने युवक की चाकू मारकर...

KTM सवार लुटेरों का खौफ: ढाबे के सामने युवक की चाकू मारकर हत्या, इलाके में दहशत, जांच में जुटी पुलिस…

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे खरोरा थाना क्षेत्र में देर रात लूट के दौरान एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात खरोरा–रायपुर मुख्य मार्ग पर ग्राम बरौंडा के पास स्थित किंग द ढाबा एंड रेस्टोरेंट के सामने हुई, जहां तीन अज्ञात बदमाशों ने युवक पर जानलेवा हमला किया।

ऑरेंज KTM से पहुंचे आरोपी
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 11:30 बजे ऑरेंज रंग की KTM मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक ढाबे के पास रुके। उन्होंने पहले बलौदाबाजार जाने का रास्ता पूछा, फिर अचानक चाकू निकालकर लूटपाट शुरू कर दी।

लूट का विरोध पड़ा भारी
बदमाशों ने ढाबे के बाहर बैठे शिवकुमार साहू से मोबाइल फोन छीन लिया। जब शिवकुमार ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके सीने में चाकू घोंप दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

दोस्तों के साथ पार्टी में आया था युवक
जानकारी के अनुसार, शिवकुमार साहू अपने 11 दोस्तों के साथ ढाबे में खाना खाने और पार्टी करने आया था। सभी सिलतरा आबकारी वेयरहाउस में कार्यरत बताए जा रहे हैं। घटना के समय शिवकुमार दो अन्य साथियों के साथ बाहर बैठा हुआ था।

पुलिस जांच में जुटी, नाकेबंदी जारी
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, एएसपी ग्रामीण, एएसपी क्राइम, एसीसीयू प्रभारी सचिन सिंह सहित क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फरार आरोपियों की तलाश में रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर सघन जांच की जा रही है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर हमलावरों की पहचान में जुटी हुई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts