
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में मारपीट की घटनाएँ थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताज़ा मामला खरसिया चौक स्थित बिरयानी सेंटर के पास का है, जहाँ देर रात बिरयानी लेने पहुंचे एक युवक पर कुछ बदमाशों ने घात लगाकर हमला कर दिया। घटना इतनी अचानक और भयावह थी कि आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए।

जानकारी के अनुसार, युवक जैसे ही बिरयानी सेंटर के पास पहुंचा, वहां पहले से मौजूद 12 से 15 लोगों के समूह ने उसे घेर लिया। इसके बाद आरोपी लगातार उस पर हमला करते रहे। युवक को बचाव का मौका तक नहीं मिला और देखते ही देखते उसकी हालत गंभीर हो गई। पूरा हमला पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ तौर पर कैद हो गया है, जिसमें आरोपी युवक को बेरहमी से मारते दिखाई दे रहे हैं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने किसी तरह घायल युवक को संभाला और तुरंत उसे बाइक से मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार युवक की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उसे गंभीर चोटें आई हैं।

वहीं, घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है। क्षेत्र में लगातार हो रही मारपीट की वारदातों से स्थानीय लोगों में भय और नाराजगी दोनों का माहौल है। लोग मांग कर रहे हैं कि पुलिस ऐसे घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई करे और रात में गश्त बढ़ाई जाए।
यह घटना एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रही है।
