Wednesday, February 11, 2026
Homeअपराधपहले पूजा, फिर चोरी!मंदिर से महिला ले उड़ी भगवान की मूर्ति और...

पहले पूजा, फिर चोरी!मंदिर से महिला ले उड़ी भगवान की मूर्ति और मुकुट, CCTV में कैद वारदात…

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में आस्था को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने मंदिर में पूजा करने के बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी महिला ने इच्छापूर्ती दुर्गा गणेश मंदिर में पहले भगवान के सामने माथा टेका और फिर मूर्ति व मुकुट चुराकर मौके से फरार हो गई। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

पूजा के बहाने आई, चोरी कर निकल गई

यह मामला छावनी थाना क्षेत्र का है। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक महिला बाइक सवार युवक के साथ मंदिर पहुंचती है। मंदिर में प्रवेश करने के बाद वह भगवान के सामने श्रद्धा से माथा टेकती है और फिर मौका पाते ही मूर्ति और मुकुट उठाकर अपने पर्स में रख लेती है। इसके बाद वह बिना किसी संदेह के मंदिर से बाहर निकल जाती है।

मंदिर समिति ने दर्ज कराई शिकायत

मंदिर समिति के अध्यक्ष अरविंद सिंह ने इस संबंध में छावनी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि कैंप-2 संत रविदास नगर स्थित इच्छापूर्ती दुर्गा गणेश मंदिर में 9 जनवरी की शाम करीब 4 बजे पुजारी भोला महाराज मंदिर का कपाट खोलकर स्नान करने चले गए थे। जब वे शाम 6 बजे लौटे, तो मंदिर से हनुमान जी का चांदी का मुकुट, स्टील के बर्तन और लड्डू गोपाल की मूर्ति झूले सहित गायब मिले।

करीब 20 हजार की चोरी

चोरी गए सामान की कीमत करीब 20 हजार रुपये आंकी गई है। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर परिसर के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए, जिसमें चोरी की पूरी वारदात रिकॉर्ड मिली।

सीसीटीवी के आधार पर तलाश जारी

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला और उसके साथ आए बाइक सवार युवक की पहचान शुरू कर दी है। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts