
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में रविवार रात एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। मोबाइल कारोबारी अनिल अग्रवाल से करीब 30 लाख रुपए की लूट की गई। आरोपी ने सुनसान इलाके में व्यापारी पर बांस के डंडे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गया। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यापारी अनिल अग्रवाल मोबाइल कंपनी के डीलर और हिंदुस्तान यूनिलीवर की फ्रेंचाइजी का संचालन करते हैं। रविवार रात करीब 9 बजे वे दिनभर का कलेक्शन लेकर स्कूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे रानी सती मंदिर कॉलोनी की ओर मुड़े, पहले से घात लगाए आरोपी ने अचानक उन पर हमला कर दिया।

आरोपी ने बांस के मोटे डंडे से अनिल अग्रवाल के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वे स्कूटी से गिरकर मौके पर ही बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपी खून से लथपथ व्यापारी से कैश से भरा बैग छीनकर फरार हो गया। भागते समय वह CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल व्यापारी को देखकर परिजनों को सूचना दी। उन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं।

बैग में करीब 20 से 30 लाख रुपए होने की आशंका जताई जा रही है। व्यापारी ने बताया कि उन्होंने रकम की गिनती नहीं की थी, इसलिए सटीक आंकड़ा स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी व्यापारी का पूर्व कर्मचारी है।
खेत में फंसी बाइक, 18 लाख कैश बरामद
CSP राहुल बंसल ने बताया कि वारदात के बाद पुलिस टीम ने रातभर संदिग्ध की तलाश की। भागने के दौरान आरोपी की बाइक भातूपारा इलाके के एक खेत में फंस गई। आरोपी बाइक और कैश से भरा बैग छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से बाइक और करीब 18 लाख रुपए नकद बरामद कर लिए हैं।
फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है और CCTV फुटेज के आधार पर उसकी पहचान कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
