
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। एक युवक ने पहले युवती से दोस्ती की, फिर प्यार का भरोसा दिलाते हुए शादी करने का वादा किया और इसी बहाने संबंध बनाता रहा। आरोप है कि युवती गर्भवती होने के बाद जब बच्चे को जन्म दिया, तो युवक अपने वादे से मुकर गया। धोखा खाई पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जन्म के तीन दिन बाद नवजात की मौत
हरदीबाजार चौकी क्षेत्र में सामने आए इस मामले ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। युवती ने बताया कि युवक ने उसे प्रेम जाल में फंसाकर शादी का वादा किया और इसी दौरान उसने बच्चा जन्म दिया। लेकिन समय से पहले हुए प्रसव के कारण जन्म के सिर्फ तीन दिन बाद नवजात की मौत हो गई।

चार साल पहले हुई थी पहचान
जानकारी के अनुसार, आरोपी अरविंद अग्रे, जांजगीर-चांपा जिले के डरगा बहरा गांव का रहने वाला है। करीब चार साल पहले वह किसी काम से युवती के घर पहुंचा था। परिजन घर पर नहीं थे, इसी दौरान उसने युवती का मोबाइल नंबर ले लिया। धीरे-धीरे संपर्क बढ़ा और संबंध प्रेम में बदल गया। इसी दौरान युवक ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए।

परिजन बने बाधा, तो अपनाया विचित्र तरीका
आरोप है कि जब युवती के घरवालों ने दोनों की मुलाकात में रोक लगानी शुरू की, तब आरोपी ने युवती को नींद की गोलियां देकर कहा कि उन्हें खाने में मिलाकर परिवार को खिला दे। परिजन गहरी नींद में चले जाते थे और उसी दौरान युवक घर पहुंचकर संबंध बनाता था। युवती गर्भवती हो गई, लेकिन बच्चे की जिम्मेदारी लेने से पहले ही युवक मुकर गया।
पुलिस जांच में जुटी
नवजात की 24 नवंबर की रात मौत हो गई। जिला अस्पताल चौकी प्रभारी के अनुसार, पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
