मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बैडमिंटन खिलाड़ी रितिका ध्रुव को दी शुभकामनाएं, ओलंपिक का सपना पूरा करने का भरोसा/
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बैडमिंटन खिलाड़ी रितिका ध्रुव से वीडियो कॉल पर संवाद कर उसके संघर्ष और उपलब्धियों की सराहना की। रितिका, जो एक मजदूर पिता और आंगनबाड़ी सहायिका मां की बेटी हैं, ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने रितिका के कठिन परिश्रम की प्रशंसा करते हुए उसे उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए वीडियो में लिखा, प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। रितिका ने अपने संघर्ष और खेल कौशल से यह साबित किया है। उसने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। मैं उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं।
प्रतिभा किसी संसाधनों या सुख-सुविधाओं की मोहताज नहीं होती, वो तो गुलाब और कमल की तरह हर जगह सुशोभित होती है। इसे साबित करके दिखाया है एक मजदूर पिता की बेटी, राष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन खिलाड़ी रितिका ध्रुव ने…
आज धमतरी निवासी बिटिया से फोन पर आत्मीय संवाद हुआ। रितिका ने बताया… pic.twitter.com/tVB7zci1Iq
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) November 17, 2024
रितिका ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसने हाल ही में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स और ओडिशा में आयोजित नेशनल टूर्नामेंट में हिस्सा लिया है। उसका अगला लक्ष्य ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व कर मेडल जीतना है। मुख्यमंत्री साय ने रितिका के इस सपने को पूरा करने में हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने रितिका को पढ़ाई और खेल दोनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। वर्तमान में रितिका बीए अंतिम वर्ष की छात्रा हैं। मुख्यमंत्री से संवाद के बाद रितिका ने अपनी खुशी व्यक्त की।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री साय प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। हाल ही में उन्होंने पर्वतारोही निशा को किलिमंजारो पर्वत फतह करने के लिए सहयोग का वादा किया था। मुख्यमंत्री के इन प्रयासों से छत्तीसगढ़ के उभरते खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयां छू रहे हैं।