रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस से बेखौफ होकर वे खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला गैंग वार का शहर के डीडी नगर थाना क्षेत्र से आया है। इसमें दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। पुरानी रंजिश को लेकर आमने-सामने आए बदमाशों ने सड़कों पर खुलेआम लाठी-डंडे और ईंट-पत्थरों का इस्तेमाल किया। देखते ही देखते इलाके में भगदड़ मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक गुट ने दूसरे गुट के युवक को कार से कुचलने तक का प्रयास किया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हिंसक झड़प की पूरी घटना साफ दिखाई दे रही है। वीडियो में लोग लाठी-डंडों और पत्थर से एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं, जबकि वाहन से हमला करने का प्रयास भी देखा जा सकता है। हमले में एक युवक का सिर फट गया, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला सामने आने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। अचानक हुई इस हिंसक झड़प से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों गुटों के बीच पुरानी रंजिश लंबे समय से चल रही थी। इसी विवाद ने कल रात गैंगवार का रूप ले लिया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी।

डीडी नगर थाना प्रभारी एसएन सिंह ने बताया कि इलाके का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। वीडियो में दिख रहे बदमाशों की पहचान कर तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वीडियो आज का है या पुराना, इसकी भी तस्दीक की जा रही है।

फिलहाल, अभी तक दोनों पक्षों की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस वायरल वीडियो के लिहाज से जांच में जुटी है। लगातार बढ़ते ऐसे गैंगवार से इलाके के लोग सहमे हुए हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
