
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शुभम विहार शिक्षक कॉलोनी के पास स्थित गौरा-गौरी मंदिर परिसर में मंगलवार को प्रेम संबंध से जुड़ी एक विवादित घटना ने सनसनी फैला दी। यहां एक युवती ने अपने ही बॉयफ्रेंड पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतक युवक की पहचान कामता प्रसाद सूर्यवंशी (25 वर्ष), पिता दूज राम सूर्यवंशी, निवासी ग्राम करा के रूप में हुई है। वह बिलासपुर के शुभम विहार इलाके में किराये के मकान में रहकर एक होटल में काम करता था।

नंबर ब्लॉक बना मौत की वजह
प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार युवक और उसकी गर्लफ्रेंड के बीच मोबाइल नंबर ब्लॉक करने को लेकर तीखा विवाद हुआ। बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर युवती ने पास में रखे चाकू से युवक पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

आरोपी युवती भी किराए के मकान में रहती थी
पुलिस के मुताबिक आरोपी युवती रोशनी सूर्यवंशी मूल रूप से सीपत थाना क्षेत्र के झलमला गांव की रहने वाली है और बिलासपुर के कुडूदंड इलाके में किराये पर रह रही थी।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल को सील कर पंचनामा कार्रवाई की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। आरोपी युवती से पूछताछ जारी है।
थाना पुलिस का कहना है कि मामला प्रेम संबंधों से जुड़ा है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पूछताछ के बाद हत्या का केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इलाके में दहशत
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में डर का माहौल है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।
