
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कैलाशपुरी रोड पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसी। इस हादसे में दुकान के अंदर मौजूद एक नाबालिग बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की रफ्तार काफी तेज थी और अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन सीधे दुकान में घुस गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुकान का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आसपास अफरा-तफरी मच गई।
दुकान मालिक शेख असलम के अनुसार, कार चालक विराट एक नई सिट्रोन कार (क्रमांक CG-04-TR-8866) को टेस्ट ड्राइव पर लेकर निकला था। तेज गति के कारण वह वाहन पर काबू नहीं रख सका और यह हादसा हो गया। दुर्घटना के समय दुकान में मौजूद नाबालिग बच्ची कार की चपेट में आ गई और उसे गंभीर चोटें आईं।
सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना प्रभारी शील आदित्य सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। नागरिकों का कहना है कि कैलाशपुरी रोड पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन चलते हैं, जिससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर लगाने, ट्रैफिक निगरानी बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और घायल बच्ची के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है।
