
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक कर रहे तीन लोगों को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने कुचल दिया। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

नेशनल हाईवे 43 पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, गम्हरिया गांव निवासी लकड़ा मिस्त्री और हिरा मिस्त्री गुरुवार सुबह करीब 6 बजे एक अन्य व्यक्ति के साथ नेशनल हाईवे 43 पर टहल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे पिकअप वाहन ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी।

दो की मौत, एक गंभीर
टक्कर इतनी भीषण थी कि लकड़ा मिस्त्री और हिरा मिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

हादसे के बाद चालक फरार
घटना के बाद पिकअप वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
