
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरे परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एक बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पेंडरवा निवासी 46 वर्षीय सुरेश श्रीवास को अपनी तलाकशुदा पत्नी और गांव के ही शेख सलीम के बीच संबंध होने का शक था। इसी को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। पुरानी रंजिश के चलते बुधवार को सुरेश अपने दो नाबालिग बेटों के साथ तलवार लेकर शेख सलीम के घर पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि घर में सलीम के नहीं मिलने पर आरोपी ने गुस्से में आकर घर के अन्य सदस्यों पर हमला कर दिया। इस दौरान सलीम की 65 वर्षीय मां मुराद बेगम पर बेरहमी से वार किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले में परिवार के अन्य सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद घायल परिजन खुद ही रतनपुर थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुरेश श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दोनों नाबालिग बेटों को अभिरक्षा में लिया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घायलों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि, हमलावर शेख सलीम और चांदी खान पर हमला करने के इरादे से आए थे, लेकिन दोनों मौके पर नहीं मिले। इस दौरान घर में मौजूद परिजनों पर तलवार से हमला किया गया, जिसमें मां की मौत हो गई। आरोपी को अपनी पत्नी और शेख सलीम के बीच संबंध होने का शक था। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।”
