
Hotel Lake View : गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद ज़िले के मैनपुर ब्लॉक अंतर्गत अमलीपदर थाना क्षेत्र के घूमरा पदर गांव का निवासी लोकेश सोरी (26) की मौत रहस्यमय हालातों में हो गई है। लोकेश रायपुर में एक कपड़ा व्यापारी के यहां वाहन चालक के तौर पर काम करता था। शुक्रवार की सुबह उसने अपने परिजनों को मैसेज कर बताया था कि वह घर लौट रहा है, लेकिन देर शाम कांकेर से उसकी मौत की सूचना मिली। (Hotel Lake View)
यह भी पढ़ें :- BJP leader connection : NH जाम कर रईसजादों ने अय्याशी का बनाया वीडियो, खुद को स्टार दिखाने की कोशिश… वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल…

जानकारी के अनुसार, व्यापारी का स्टाफ इन दिनों कांकेर में लगे एक कपड़ा सेल में गया हुआ था। लोकेश होटल लेक व्यू के रूम नंबर 213 में रुका था। उसने नहाने की बात कहकर सेल में न जाकर होटल में ही रुकने की बात कही। जब वह काफी देर तक नहीं पहुंचा और उसका फोन भी बंद मिला, तो साथी कर्मचारियों ने होटल प्रबंधन से संपर्क किया। होटल मैनेजर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा गया। कमरे के भीतर लोकेश फंदे से लटका मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम पसर गया है। परिजन बेसुध हैं और शव के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।

फिलहाल युवक की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आत्महत्या की बात कही जा रही है, लेकिन सुबह घर लौटने का संदेश और फिर कुछ घंटों में मौत – यह पूरा मामला संदिग्ध बना हुआ है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
