
कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जिसने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया है। जिले के माकड़ी थाना क्षेत्र में एक सौतेले भाई द्वारा अपनी नाबालिग बहन से दुष्कर्म किए जाने का मामला उजागर हुआ है। इस दरिंदगी का भंडाफोड़ तब हुआ जब पीड़िता ने एक नवजात शिशु को जन्म दिया।

सौतेले भाई ने किया दुष्कर्म
आरोपी की पहचान सगउराम सोरी के रूप में हुई है, जो पीड़िता का सौतेला भाई है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने कई महीने पहले बहन के साथ जबरन दुष्कर्म किया था। घटना के बाद पीड़िता गर्भवती हो गई, लेकिन डर और शर्म के कारण वह यह बात किसी को बता नहीं पाई।

नवजात जन्म के बाद खुला मामला
पीड़िता ने जब बच्चे को जन्म दिया, तब परिजनों को शक हुआ और पूछताछ में पीड़िता ने सारा सच बता दिया। परिजनों ने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई। मामला सामने आते ही पुलिस हरकत में आ गई।
आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सगउराम सोरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल किया। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
