
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ही पति की हत्या अपने भाई और रिश्तेदार के साथ मिलकर कर दी। पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पूरा मामला
पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम बिनौरी में 29 मार्च की रात राम कुमार साय का शव उसके घर से लगे खेत में संदिग्ध हालत में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई।

ऐसे खुला राज
जांच के दौरान पुलिस को मृतक की पत्नी पर शक हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर पत्नी मीना बाई साय ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसका पति शराब का आदी था और अक्सर नशे में विवाद व मारपीट करता था। इतना ही नहीं, वह अपनी ही बेटी पर गलत नजर रखता था।

साजिश बनाकर की हत्या
पति की हरकतों से तंग आकर मीना बाई ने अपने बड़े भाई महावीर साय और भतीजे अंशु के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। 29 मार्च की रात जब राम कुमार साय घर लौटा, तो तीनों पहले से ही तैयार थे। जैसे ही वह खेत की ओर गया, तीनों ने मिलकर गमछे से उसका गला घोंट दिया और हत्या कर दी।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है:
- महावीर साय (40 वर्ष), निवासी बिनौरी
- मीना बाई साय (36 वर्ष), निवासी बिनौरी
- वैभव उर्फ अंशु बघेल (19 वर्ष), निवासी बिजराडीह
पुलिस टीम की भूमिका
इस पूरे मामले की कार्रवाई एसपी भावना गुप्ता के निर्देशन में की गई। एएसपी अभिषेक सिंह और एसडीओपी अपूर्वा क्षत्रिय के नेतृत्व में थाना पलारी पुलिस और क्राइम सीन यूनिट की टीम ने मिलकर आरोपियों को गिरफ्तार किया। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
