
बिलासपुर। बिलासपुर में आयकर विभाग (Income Tax Department) ने कोल कारोबार से जुड़े एक बड़े ग्रुप पर बड़ी कार्रवाई की है। आज आईटी की टीम ने शहर के नामी कोल कारोबारी फिल ग्रुप के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया।

सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग की टीम SIR (Survey, Inspection & Raid) की सर्वे टीम बनकर मौके पर पहुंची है। टीम जिन वाहनों से पहुंची है, उन पर SIR के स्टीकर लगे हुए हैं, ताकि कार्रवाई को गोपनीय रखा जा सके।

आईटी की यह टीम फिल ग्रुप के ऑफिस, फैक्ट्री और आवासीय परिसरों समेत कई ठिकानों पर जांच कर रही है। शहर के श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित फिल ग्रुप के मुख्य कार्यालय और रामा वर्ल्ड स्थित मालिक के निवास में कार्रवाई जारी है। इसके अलावा अन्य ठिकानों पर भी दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि फिल ग्रुप के मालिक प्रवीण झा हैं, जो कोल ट्रेडिंग के क्षेत्र में एक जाना-पहचाना नाम माने जाते हैं। आयकर विभाग की टीम वित्तीय लेन-देन, टैक्स रिकॉर्ड, बैंक खातों और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल कर रही है।
फिलहाल आयकर विभाग की ओर से कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन सूत्रों की मानें तो टैक्स अनियमितताओं और बड़े वित्तीय लेन-देन को लेकर यह सर्वे/रेड की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान संबंधित ठिकानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और किसी को भी अनावश्यक अंदर-बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही। आयकर विभाग की इस बड़ी कार्रवाई को लेकर शहर में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि इस रेड में क्या-क्या अहम खुलासे सामने आते हैं।
