
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में सड़क ठेकेदार बीआर गोयल के खिलाफ आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार सुबह आयकर विभाग की टीम ने उनके विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग की टीम तीन वाहनों में सवार होकर पाराघाट टोल प्लाजा पहुंची, जहां स्थित टोल कार्यालय में दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। टोल ऑफिस के भीतर आयकर अधिकारी मौजूद हैं और वहां रखे वित्तीय रिकॉर्ड, लेन-देन से जुड़े कागजात व कंप्यूटर डाटा की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

इस दौरान टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मचारियों से भी आयकर विभाग की टीम लगातार पूछताछ कर रही है। कर्मचारियों से ठेके से जुड़े कार्य, आय-व्यय और भुगतान संबंधी जानकारियां जुटाई जा रही हैं।

सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई सिर्फ बिलासपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि इंदौर समेत अन्य शहरों में भी बीआर गोयल से जुड़े अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई है। माना जा रहा है कि आय से अधिक संपत्ति, टैक्स चोरी और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर यह जांच की जा रही है।
फिलहाल आयकर विभाग की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन दस्तावेजों की जांच और पूछताछ का सिलसिला लगातार जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो पाएगी।
