Wednesday, February 11, 2026
Homeखेलजीतू की तूफानी फिफ्टी, कुंबली इलेवन ने श्याम इलेवन की 63 रन...

जीतू की तूफानी फिफ्टी, कुंबली इलेवन ने श्याम इलेवन की 63 रन से रौंदा…

बिलासपुर। बिलासपुर के जिला खेल परिसर मैदान में स्वर्गीय ऊषा देवी भंडारी की स्मृति में आयोजित अखिल भारतीय रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता रोमांचक मुकाबलों के साथ आगे बढ़ रही है। प्रतियोगिता के दूसरे मुकाबले में कुंबली इलेवन पाटन और श्याम इलेवन की टीमें आमने-सामने रहीं।

मैच के मुख्य अतिथि सिम्स के डीन डॉ. रामणेश मूर्ति अपनी धर्मपत्नी श्रीमती मूर्ति के साथ उपस्थित रहे। वहीं अतिरिक्त महाधिवक्ता आशीष शुक्ला, डॉ. प्रदीप शुक्ला, डॉ. मनोज राय और डॉ. विनोद तिवारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टॉस करवाते हुए मुकाबले की शुरुआत कराई।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कुंबली इलेवन पाटन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 10 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 124 रन बनाए। टीम के सलामी बल्लेबाज जीतू ने 33 गेंदों में 53 रनों की विस्फोटक अर्धशतकीय पारी खेली। श्याम इलेवन की ओर से राहुल ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके।

125 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्याम इलेवन की टीम दबाव में नजर आई और पूरी टीम 10 ओवरों में 8 विकेट खोकर सिर्फ 61 रन ही बना सकी। टीम की ओर से लव ने सर्वाधिक 17 रन बनाए। कुंबली इलेवन के गेंदबाज शीतल और राजा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट अपने नाम किए।इस तरह कुंबली इलेवन पाटन ने यह मुकाबला 63 रनों से जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। शानदार बल्लेबाजी के लिए जीतू को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

आयोजन समिति के प्रमुख ईशान भंडारी ने बताया कि वे पिछले 13 वर्षों से अपनी स्वर्गीय माता ऊषा देवी भंडारी की स्मृति में इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहरवासियों और दर्शकों के अपार सहयोग से हर वर्ष आयोजन को और बेहतर बनाने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष विजेता टीम को 11,11,111 रुपए की इनामी राशि और आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की जाएगी, जो लाइट टेनिस बॉल क्रिकेट में देश की सबसे बड़ी पुरस्कार राशि है। इसके अलावा उपविजेता, मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर और बेस्ट फील्डर सहित कई अन्य आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं। दर्शकों के मनोरंजन के लिए लाइव स्क्रीन, यूट्यूब पर लाइव प्रसारण, रिप्ले, थर्ड अंपायर और भव्य आतिशबाजी की विशेष व्यवस्था की गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts