
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पड़ रही तेज गर्मी अब स्कूली बच्चों की दिनचर्या को भी प्रभावित करने लगी है। बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है। अब राजधानी रायपुर में भी 20 मार्च से नए समय के अनुसार स्कूल संचालित होंगे।

जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश के मुताबिक, एक पाली में चलने वाले सभी प्राथमिक से लेकर हायर सेकेंडरी स्कूल अब सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक लगेंगे। वहीं जिन स्कूलों में दो पालियों में कक्षाएं संचालित होती हैं, वहां प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक कक्षाएं सुबह 7:30 से 11:30 बजे तक, जबकि हाई और हायर सेकेंडरी कक्षाएं 11:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक लगेंगी। हालांकि परीक्षा और कार्यालयीन समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
नीचे देखें आदेश कॉपी –

इधर, केवल रायपुर ही नहीं बल्कि प्रदेश के अन्य जिलों में भी गर्मी का असर साफ नजर आ रहा है। इसी के चलते कोंडागांव और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में भी स्कूल टाइमिंग में बदलाव किया गया है।
कोंडागांव में एक पाली वाले सभी स्कूल सुबह 7:30 से 11:30 बजे तक संचालित होंगे। दो पाली वाले स्कूलों में प्राथमिक कक्षाएं सुबह में और हाई-हायर सेकेंडरी कक्षाएं दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक लगेंगी। हालांकि बोर्ड और ओपन स्कूल परीक्षाएं पहले से तय समय पर ही होंगी।
वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में 16 मार्च से वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में सभी स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि परीक्षा समय के अनुसार ही सुबह 7:30 से 11:30 बजे तक संचालन किया जाए।
कुल मिलाकर, बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों की सेहत को प्राथमिकता देते हुए यह अहम फैसला लिया है, ताकि तेज धूप और लू के असर से उन्हें बचाया जा सके।
