
सुकमा/बीजापुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। शनिवार सुबह राज्य के दो अलग-अलग नक्सल प्रभावित जिलों में हुई मुठभेड़ों में कुल 14 नक्सलियों को मार गिराया गया है।

सुकमा जिले के किस्टाराम क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में 12 नक्सली ढेर हुए हैं। वहीं बीजापुर जिले में हुई एक अलग मुठभेड़ में 2 नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।

बीजापुर जिले में माओवादियों की सक्रिय मौजूदगी की पुख्ता खुफिया जानकारी मिलने के बाद डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) की टीम ने नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया था। इसी दौरान शनिवार तड़के नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर अचानक फायरिंग कर दी।

सुबह करीब 5 बजे से दोनों ओर से रुक-रुककर गोलीबारी होती रही। मुठभेड़ खत्म होने के बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन में घटनास्थल से दो नक्सलियों के शव और हथियार बरामद किए गए हैं। इलाके में अभी भी सघन तलाशी अभियान जारी है। बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए फिलहाल ऑपरेशन से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, अभियान पूरा होने के बाद आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित है और सुरक्षाबल किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं। नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार मिल रही यह सफलता सुरक्षाबलों के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
