बिलासपुर। बिलासपुर के वार्ड नंबर 55, माता परमेश्वरी नगर, से पार्षद प्रत्याशी मनोरमा विजय यादव चुनावी मैदान में उतरकर क्षेत्र में दमदारी से चुनाव लड़ने की बात कही है। बता दें कि मनोरमा यादव विष्णु यादव की भाई बहू हैं, जो कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो चुके हैं। विष्णु यादव पहले तीन बार पार्षद रह चुके हैं और अपने अनुभव और जनसंपर्क के लिए जाने जाते हैं। अब पहली बार उनकी भाई बहू, मनोरमा विजय यादव, पार्षद पद के लिए चुनावी मैदान में हैं।
बताते चलें कि मनोरमा विजय यादव एक शिक्षित और जागरूक महिला हैं, जो वार्ड के विकास को प्राथमिकता देने का वादा कर रही हैं। क्षेत्र में युवा से लेकर बुजुर्ग तक, सभी का उन्हें भरपूर समर्थन मिल रहा है। मनोरमा ने जनता के बीच यह भरोसा दिलाया है कि अगर उन्हें पार्षद चुना जाता है, तो वह वार्ड में विकास योजनाओं की कमी को दूर करेंगी। साथ ही, क्षेत्र के हर वर्ग की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ हल करने के लिए काम करेंगी।
मनोरमा विजय यादव के चुनावी प्रचार में विष्णु यादव का अनुभव और जनता के साथ उनकी पुरानी पहचान बड़ा योगदान दे रही है। विष्णु यादव के तीन बार के सफल कार्यकाल ने वार्ड की जनता में एक सकारात्मक छवि बनाई है, जिसका लाभ अब मनोरमा विजय यादव को मिल रहा है।
मनोरमा ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान वार्ड की जनता से सीधा संवाद स्थापित किया है। उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया। क्षेत्र के जलभराव, सफाई व्यवस्था, और सड़क निर्माण जैसी मुख्य समस्याओं को हल करने का उन्होंने भरोसा दिलाया है।
मनोरमा का कहना है, मैं वार्ड के विकास के लिए पूरी तरह समर्पित हूं। अगर जनता ने मुझे मौका दिया, तो मैं क्षेत्र को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने का प्रयास करूंगी। मेरी प्राथमिकता सभी के साथ मिलकर काम करने और वार्ड की बुनियादी समस्याओं को दूर करने की होगी।