
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र स्थित बेबीलॉन टॉवर में मंगलवार देर शाम अचानक आग लग गई। आग लगने की घटना तीसरे माले से शुरू हुई और देखते ही देखते ऊपरी मंजिलों तक धुआं फैल गया। आग की लपटों और धुएं के कारण टॉवर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, इस टॉवर के नौंवे माले पर सांगरिया रेस्टोरेंट स्थित है, जहां उस समय लगभग 40 लोग डिनर कर रहे थे। आग और धुएं के कारण सभी लोग अंदर ही फंस गए। रेस्टोरेंट में मौजूद कई लोगों ने फोन के जरिए परिजनों और मीडिया संस्थानों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन धुएं की वजह से मोबाइल नेटवर्क भी प्रभावित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। लगातार टूटते कांच और धुएं की वजह से राहत कार्य में बाधा आ रही है। बताया जा रहा है कि धुएं के कारण एक व्यक्ति की तबीयत गंभीर हो गई है, जिसे तत्काल बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।

इधर, जिला प्रशासन ने भी त्वरित कार्रवाई की है। रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारी लगातार दमकल टीम से संपर्क बनाए हुए हैं और फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की वजह से टॉवर का कांच टूटकर नीचे गिरने लगा है, जिससे आसपास मौजूद लोगों को भी खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बेबीलॉन टॉवर के आसपास न जाएं। फिलहाल दमकल विभाग की टीम आग पर काबू पाने और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी हुई है।
अपडेट जारी….
