
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल की पत्नी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया है। इस हमले में उनके दोनों हाथों की नसें कट गई हैं, वहीं गले पर भी गंभीर चोट के निशान मिले हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।

सुबह ICU में कराया गया भर्ती
घटना के बाद आज सुबह करीब 8 बजे उन्हें महारानी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए तत्काल ICU में भर्ती कर लिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है।

बोलने में असमर्थ, कागज पर लिखा एक शब्द
अस्पताल पहुंचने पर पीड़िता बोलने की स्थिति में नहीं थीं। नर्सिंग स्टाफ ने उनसे कागज पर लिखकर घटना के बारे में बताने को कहा, जिस पर उन्होंने केवल एक शब्द लिखा—“भतीजा”। इस एक शब्द ने पूरे मामले को और ज्यादा संदिग्ध और रहस्यमय बना दिया है।

आत्महत्या की कोशिश या साजिश?
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि यह आत्मघाती प्रयास है या किसी साजिश के तहत किया गया हमला। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, जिसमें पारिवारिक विवाद, आपसी रंजिश और आपराधिक साजिश जैसे पहलू शामिल हैं।
पुलिस जांच तेज, अस्पताल में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। एहतियात के तौर पर अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
SP का बयान
जगदलपुर के SP शलभ सिन्हा ने बताया कि महिला को चोटें आई हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है। अभी तक परिवार की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है।
