
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों की संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जयपुर गांव में एक मां ने अपने ही चार माह के दुधमुंहे बच्चे को जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय महिला घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान उसका मासूम बच्चा लगातार रो रहा था। बच्चे के रोने से परेशान होकर मां का गुस्सा इस कदर बढ़ गया कि उसने आपा खो दिया और बच्चे को उठाकर जमीन पर पटक दिया। गंभीर चोट लगने से मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
