
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिला में फेयरवेल कार्यक्रम के बाद छात्रों की लापरवाही सामने आई है। कार और बाइक से खतरनाक स्टंट करते हुए कुछ युवक-युवतियों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में छात्र चलती कार से बाहर लटकते हुए और शराब की बोतल लहराते नजर आ रहे हैं, जबकि वाहन चालक ड्रिफ्ट जैसे स्टंट करता दिखाई दे रहा है।

यह वीडियो हरियाणवी गाने के साथ इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ये छात्र किस स्कूल या कॉलेज से जुड़े हैं। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
चलती कार में खुले दरवाजे, जान जोखिम में डालते छात्र
वायरल फुटेज में देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार कार के दरवाजे खुले हुए हैं और कुछ युवक बाहर की ओर झूलते हुए स्टंट कर रहे हैं। एक युवक के हाथ में कथित रूप से शराब की बोतल भी दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि यह घटना जशपुर–किनकेल रोड की है, जहां आम लोगों की आवाजाही भी रहती है।
गौरव पथ पर भी पहले दिखे थे यही युवक
स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब पांच दिन पहले भी यही युवक शहर के गौरव पथ पर स्कॉर्पियो वाहन में इसी तरह के खतरनाक स्टंट करते देखे गए थे। उस समय भी वाहन के दरवाजे खोलकर युवक बाहर लटक रहे थे, लेकिन तब कोई औपचारिक कार्रवाई नहीं हो सकी थी।
अब वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जांच कर सकती है। वहीं, इस घटना ने सड़क सुरक्षा और युवाओं की जिम्मेदारी पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
